स्वाभिमानी वीर : महाराणा प्रताप
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप मेवाड़ में सिसोदिया राजवंश के राजा थे। वह तिथि धन्य है जब मेवाड़ की शौर्य भूमि पर मेवाड़ मुकुट राणा प्रताप का जन्म हुआ। महाराणा प्रताप का नाम इतिहास में वीरता और दृढ़ प्रतिज्ञा के लिए अमर है। महाराणा प्रताप की जयंती विक्रमी संवत कैलेंडर के अनुसार प्रतिवर्ष जेष्ठ शुक्ल पक्ष तृतीया को मनाई जाती है। महाराणा प्रताप ने यह प्रतिज्ञा की थी कि चित्तौड़ के उद्धार से पूर्व वह पात्र में भोजन तथा शैय्या पर शयन कभी नहीं करेंगे। उन्होंने यह प्रतिज्ञा की थी कि वह माता के पवित्र दूध को कभी कलंकित नहीं करेंगे। इस प्रतिज्ञा का पालन उन्होंने पूरी तरह से किया। मूलमंत्र यही था कि बप्पा रावल का वंशज किसी शत्रु अथवा देशद्रोही के सम्मुख शीश नहीं झुकाएगा। तुर्कों को अपनी बहन बेटी का समर्पण कर अनुग्रह प्राप्त करना महाराणा प्रताप को किसी भी दशा में स्वीकार्य न था। महाराणा प्रताप की यह प्रतिज्ञा अक्षुण्ण रही और जब तक 29 जनवरी सन् 1597ई. को उन्होंने परम धाम की यात्रा की तब तक उन्होंने अपने इस प्रण का पालन किया। इसी संदर्भ में महाराणा प्रताप और मानसिंह की एक घटना का उल्लेख किया जाना प्रासंगिक होगा।
सोलापुर की विजय के बाद मानसिंह कच्छवाहा वापस हिंदुस्तान लौट रहा था तो उसने महाराणा प्रताप से, जो इन दिनों कमल मीर में थे ,मिलने की इच्छा प्रकट की। महाराणा प्रताप उसका स्वागत करने के लिए उदयसागर तक आए। इस झील के सामने वाले टीले पर आमेर नरेश के लिए दावत की व्यवस्था की गई थी। भोजन तैयार हो जाने पर मानसिंह को बुलावा भेजा गया। राजकुमार अमर सिंह को अतिथि की सेवा के लिए नियुक्त किया गया था। महाराणा प्रताप अनुपस्थित थे। मानसिंह के पूछने पर अमर सिंह ने बताया कि महाराणा को सिर दर्द है और वे नहीं आ पाएंगे अतः आप भोजन करके विश्राम करें । मानसिंह ने गर्व के साथ सम्मानित स्वर में कहा कि राणा जी से कहो कि उनके सिर दर्द का यथार्थ कारण मैं समझ गया हूं । जो कुछ होना था, वह तो हो गया। अब उसको सुधारने का कोई उपाय नहीं है, फिर भी यदि मुझे खाना नहीं परोसेंगे तो और कौन पारोसेगा। लेकिन राणा नहीं आए। मान सिंह ने राणा के बिना भोजन स्वीकार नहीं किया। मानसिंह ने भोजन को छुआ तक नहीं, केवल चावल के कुछ कणों को, जो अन्न देवता को अर्पण किए गए थे, उन्हें अपनी पगड़ी में रख कर वहां से निकल आया। इस पर महाराणा ने उसे संदेश भिजवाया कि जिस राजपूत ने अपनी बहन बेटी तुर्कों को दे दी हो, उसके साथ कोई राजपूत भोजन नहीं करेगा। मानसिंह ने इसे अपना अपमान समझा और अपने घोड़े पर सवार होते हुए उसने महाराणा प्रताप को कठोर दृष्टि से निहारते हुए कहा कि यदि मैं तुम्हारा मान चूर-चूर ना कर दूं, तो मेरा नाम मान सिंह नहीं। महाराणा प्रताप ने उत्तर दिया कि आपसे मिलकर मुझे खुशी होगी। वहां पर उपस्थित किसी व्यक्ति ने मानसिंह को यह भी कहा कि अपने साथ अपने फूफा अकबर को लाना मत भूलना। जिस स्थान पर मानसिंह के लिए भोजन सजाया गया था, उसे अपवित्र हुआ मानकर खुदवा दिया गया और फिर वहां गंगा का जल छिड़क कर उसे पवित्र किया गया। जिन सरदारों और राजपूतों ने अपमान का यह दृश्य देखा था, उन सभी ने स्वयं को मानसिंह का दर्शन करने से पतित समझकर स्नान किया और वस्त्र आदि बदले। मुगल सम्राट को संपूर्ण वृतांत की सूचना दी गई। उसने मानसिंह के अपमान को अपना अपमान समझा। उसने समझा था कि राजपूत अपने पुराने संस्कारों को छोड़ बैठे होंगे, परंतु यह उसकी भूल थी। इस अपमान का बदला लेने के लिए युद्ध की तैयारी की गई और इन्हीं युद्धों ने महाराणा प्रताप का का नाम अमर कर दिया। इनमें से पहला युद्ध हल्दीघाटी के नाम से प्रसिद्ध है। जब जब तक भारतवर्ष रहेगा तब तक महाराणा प्रताप का नाम गौरव से लिया जाता रहेगा।
महाराणा प्रताप ने राजपूत सरदारों की आन बान और शान को सदा बनाए रखा। उन्होंने सिसोदिया वंश की गरिमा को कभी मिट्टी में नहीं मिलने दिया। महलों को त्यागकर वनों में दर-दर की ठोकरें खाई, भूख और प्यास सहे ,लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी उच्च मर्यादा और स्वाभिमान को सदा बनाए रखा। महाराणा प्रताप के बारे में प्रसिद्ध है-:
पग-पग भम्या पहाड़, धरा छोड़ राख्यो धर्म।
महाराणा मेवाड़, हिरदे बसया हिंद रे।।
अकबर ने भी इन समाचारों को सुना और यह पता लगाने के लिए अपना एक गुप्तचर भेजा। यह गुप्त चर किसी तरीके से उस स्थान पर पहुंच गया, जहां महाराणा प्रताप और उनके सरदार एक घने जंगल के मध्य एक वृक्ष के नीचे घास पर बैठे भोजन कर रहे थे। उनके भोजन में जंगली फल ,पत्तियां और जड़ें थी ,परंतु सभी लोग उस भोजन को भी उसी उत्साह के साथ खा रहे थे ,जिस प्रकार कोई राज महल में बने भोजन को प्रसन्नता और उमंग के साथ खाता हो। गुप्त चर ने किसी भी सरदार के चेहरे पर उदासी और चिंता नहीं देखी। उसने शीघ्र ही वापस आकर बादशाह अकबर को पूरा वृतांत सुनाया। यह घटना सुनकर अकबर का मन भी महाराणा प्रताप के लिए सम्मान से भर गया और राणा प्रताप के प्रति उसके मन में भी सम्मान की भावना जागृत हुई। उसने अपने दरबार के अनेक सरदारों से महाराणा प्रताप के तप, त्याग और बलिदान की प्रशंसा सराहना की। अकबर के नवरत्न और विश्वासपात्र सरदार अब्दुर्रहीम खानखाना ने भी अकबर के मुख से प्रताप की प्रशंसा सुनी थी। उसने अपनी भाषा में लिखा, इस संसार में सभी नाशवान है। राज्य और धन किसी भी समय नष्ट हो सकता है, परंतु महान व्यक्तियों की ख्याति कभी नष्ट नहीं हो सकती। महाराणा प्रताप ने धन और भूमि का त्याग कर दिया, परंतु उसने कभी अपना शीश नहीं झुकाया। हिंदुस्तान के राजाओ में वही एकमात्र ऐसा सम्राट है जिसने अपनी जाति के गौरव को बनाए रखा है।
कहा जाता है कि अमर सिंह के रोने बिलखने और उसकी भूख और प्यास से पसीजते हुए महाराणा प्रताप ने अकबर को एक पत्र लिखा था। राणा के पत्र को पाकर अकबर की प्रसन्नता का ठिकाना ना रहा। उसने इसका अर्थ राणा प्रताप का आत्मसमर्पण समझा और कई प्रकार के सार्वजनिक उत्सव अपनी राजधानी में किए। अकबर के दरबार में पृथ्वीराज राठौड़ नाम का एक राजपूत सरदार था। पृथ्वीराज बीकानेर के नरेश का छोटा भाई था। इस बीकानेर नरेश ने मुगल सत्ता के सामने शीश झुका दिया था। पृथ्वीराज राठौड़ केवल वीर ही नहीं अपितु एक योग्य कवि भी था। पृथ्वीराज महाराणा प्रताप की सदैव आराधना करता आया था और उनकी गौरवगाथा को सुनकर उसका हृदय और उस का मस्तक हमेशा गर्व से ऊंचा उठा रहता था। बादशाह अकबर ने उस पत्र को पृथ्वीराज को दिखाया। महाराणा प्रताप के पत्र को पढ़कर पृथ्वीराज का मस्तक चकराने लगा उसके मन में भीषण पीड़ा की अनुभूति हुई फिर भी अपने मनोभाव पर अंकुश रखते हुए उसने अकबर से कहा बादशाह आलमगीर यह पत्र महाराणा प्रताप का नहीं हो सकता किसी शत्रु ने प्रताप के यश के साथ यह जालसाजी की है और आपको भी धोखा दिया है वह आपके ताज के बदले में भी कभी आपकी अधीनता स्वीकार नहीं करेगा। उसने सत्य का पता लगाने के लिए बादशाह अकबर को अपना एक पत्र महाराणा प्रताप के पास भिजवाने का अनुरोध किया जिसे बादशाह अकबर द्वारा स्वीकार कर लिया गया। पृथ्वीराज ने यह पत्र राजस्थानी शैली में महाराणा प्रताप को भेजा था। उसने इस पत्र में राणा प्रताप को उस स्वाभिमान का स्मरण करवाया, जिसकी खातिर उसने अब तक इतनी विपदाओं को सहन किया था और अपूर्व त्याग और बलिदान के द्वारा अपना मस्तक ऊंचा रखा था। पत्र में उसने यह भी अवगत करवाया कि हमारे घरों की स्त्रियों की मर्यादा भंग हो गई है और यह मर्यादाएं बाजार में बेची जा रही है। इन मर्यादाओं का खरीददार केवल अकबर है। उसने सिसोदिया वंश के एक स्वाभिमानी पुत्र को छोड़कर सब को खरीद लिया है, परंतु हे प्रताप! वह आपको नहीं खरीद पाया है। हमें गर्व है कि प्रताप ऐसा राजपूत नहीं जो नौ रोजा के लिए अपनी मर्यादा का परित्याग कर सकता है। क्या अब चित्तौड़ का स्वाभिमान भी इस बाजार में बिकेगा। कहा जाता है कि पृथ्वीराज राठौड़ के डिंगल भाषा में लिखे गए पत्र को पढ़कर महाराणा प्रताप ने अकबर की अधीनता अस्वीकार करने का निर्णय लिया और इस प्रकार पृथ्वीराज के प्रयासों से सिसोदिया वंश की गरिमा अंत तक बनी रही।
- महेंद्र कुमार जोशी
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें